
हरिद्वार। शहीद दिवस के अवसर पर श्री अखंड परशुराम अखाड़े के कार्यकर्ताओं ने महान क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अग्रसेन घाट पर मां गंगा में पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया। सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि इन महान क्रांतिकारियों का बलिदान देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। युवाओं को उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। शहीदों का त्याग और बलिदान हमें देशभक्ति की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा को अपनाएं।
कथाव्यास पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपने इतिहास और महान विभूतियों को जानना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि युवा शहीदों के विचारों को अपनाएं, तो देश और समाज दोनों मजबूत होंगे। जिलाध्यक्ष करण पंडित ने युवाओं से नशे की लत को छोड़कर माता पिता की सेवा के साथ देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति को आत्मसात करने की अपील की और कहा कि देश का युवा ही महान शहीदों के रास्ते पर चलकर उनके सपनों को साकार करेगा।
इस अवसर पर पवन भगवा, पंडित पवन कृष्ण शास्त्री, स्वामी कार्तिक गिरी महाराज, सचिन पैन्यूली, आदित्य, रोहित, अभिषेक, पंकज भदौरिया, सचिन शर्मा, सुरेंद्र, यशपाल शर्मा, दिनेश, वीरेंद्र परिहार और नीलेंद्र गौतम उपस्थित रहे।
