
हरिद्वार। भारत रत्न एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर नगर निगम हरिद्वार मेयर किरन जैसल ने देवपुरा स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर मेयर किरन जैसल ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के राष्ट्र और समाज के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित रहा। स्वतंत्रता आंदोलन में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश के विकास तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में भी उल्लेखनीय योगदान दिया।
मेयर ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत के आदर्श और विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।









