Home / शिक्षा / मुख्यमंत्री मेधावी छात्र पुरस्कार योजना में एसएमजेएन पीजी कॉलेज का जलवा, छह विद्यार्थियों का चयन…

मुख्यमंत्री मेधावी छात्र पुरस्कार योजना में एसएमजेएन पीजी कॉलेज का जलवा, छह विद्यार्थियों का चयन…

हरिद्वार। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र पुरस्कार योजना में एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज, हरिद्वार के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। उत्तराखंड सरकार की इस योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए महाविद्यालय के कुल छह मेधावी विद्यार्थियों का चयन हुआ है। खास बात यह है कि दोनों वित्तीय वर्षों में लगातार तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए एम.कॉम. की छात्रा उर्वशी और बी.एससी. के छात्र हर्षित प्रजापति को 30-30 हजार रुपये, जबकि बी.कॉम. की छात्रा दिव्या त्रिवाल को 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के लिए चयनित किया गया है।
वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में एम.कॉम. की छात्रा विधि गौतम को 60 हजार रुपये, बी.कॉम. की छात्रा पलक अग्रवाल को 50 हजार रुपये और बी.कॉम. की छात्रा निष्ठा शर्मा को 30 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। इस प्रकार छह चयनित विद्यार्थियों को कुल 2 लाख 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद् के अध्यक्ष श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी जी महाराज ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान उसके विद्यार्थियों की उपलब्धियों से होती है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्र पुरस्कार केवल व्यक्तिगत सफलता का सम्मान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए भविष्य में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा का स्रोत भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, संस्कार और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि लगातार दो वर्षों में तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन महाविद्यालय के सकारात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी जी महाराज का मार्गदर्शन और प्रोत्साहन विद्यार्थियों में नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास का संचार करता है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के पुरस्कार विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने भविष्य के लक्ष्यों के प्रति और अधिक सजग एवं प्रेरित करते हैं।
पुरस्कार के लिए चयनित विद्यार्थियों ने भी खुशी जाहिर करते हुए महाविद्यालय प्रशासन, प्राचार्य और अपने शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षकों के समय-समय पर मिले मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से ही वे इस मुकाम तक पहुंच सके हैं। उन्होंने कहा कि पुरस्कार के रूप में मिलने वाली राशि उनके आगे के अध्ययन एवं उच्च शिक्षा में काफी उपयोगी साबित होगी।
महाविद्यालय परिवार ने सभी चयनित विद्यार्थियों को उनकी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!