नगर निकाय चुनाव हेतु मेयर, पार्षद का चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस  के नेताओं में हलचल शुरू,जानिए

हरिद्वार। उत्तराखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव हेतु मेयर, अध्यक्ष, पार्षद, सभासद का चुनाव लड़ने वाले पार्टी नेताओं में हलचल शुरू हो गई है। हरिद्वार नगर निगम में भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने मेयर पद के लिए अपनी अपनी गोटियां बैठानी शुरू कर दी हैं। हरिद्वार नगर निगम के लिए कांग्रेस में मेयर पद के 4 मजबूत दावेदार सामने आए हैं, जिसमें मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा, एडवोकेट अरविंद शर्मा, पूर्व सभासद सोम त्यागी व महानगर सेवादल के अध्यक्ष अश्विन कौशिक ने पार्टी के टिकट पर मेयर प्रत्याशी के तौर पर अपनी दावेदारी जताई है।

विश्वस्त सूत्रों पर यदि विश्वास किया जाए तो अशोक शर्मा को प्रदीप चौधरी, संजय पालीवाल जैसे बड़े नेताओं और कई निवर्तमान पार्षदों सहित कनखल के ब्लॉक अध्यक्ष और कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त है, वहीं एडवोकेट अरविंद शर्मा को सोनीपत सांसद और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने अपना समर्थन दे दिया है। वहीं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सोम त्यागी को दिवंगत अम्बरीष कुमार गुट अर्थात यूनियन भवन का पूरा समर्थन प्राप्त है। चौथे दावेदार अश्विन कौशिक को तीर्थ पुरोहित समाज, कांग्रेस सेवादल सहित कांग्रेस के कई युवा साथियों आर्यनगर ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, ओम पहलवान, मनोज जाटव आदि ने अपना समर्थन दे दिया है।

इसके अतिरिक्त गांधीवादी नेता अनिल भास्कर, महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष विमला पांडेय ने भी अपनी दावेदारी जताई है। मगर कांग्रेस से अभी तक अशोक शर्मा के अलावा किसी भी दावेदार ने जनता के बीच जाना शुरू नहीं किया है। जिससे अशोक शर्मा अभी तक सभी दावेदारों में सबसे मजबूत दावेदार कहे जा सकते हैं।

वहीं दूसरी और भाजपा से अभी तक निगम के प्रथम मेयर मनोज गर्ग, समाजसेवी डा0 विशाल गर्ग, विकास तिवारी, सुनील सेठी, अनिरुद्ध भाटी, हरजीत सिंह आदि नेताओं ने मेयर के टिकट के लिए अपनी मजबूत दावेदारी की हैं। इनमे से कोई अपने आपको नगर विधायक मदन कौशिक को अपना राजनीतिक गुरु बता रहा है, कोई उनका शिष्य होने का दावा कर रहा है तो कोई अपने आपको भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता बता रहा है। कुल मिलाकर मेयर पद पर दोनों दलों के नेताओं ने अपनी अपनी दावे दारी जताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से सम्पर्क साधना शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!