हरिद्वार। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर की पौड़ी सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा में पवित्र स्नान कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
“हर-हर गंगे” के जयघोष से पूरा घाट क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा है। मान्यता है कि बुद्ध पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों में स्नान और दान-पुण्य करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है, इसी कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था भी लागू की गई है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
बुद्ध पूर्णिमा स्नान को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 08 जोन और 21 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
इसके साथ ही ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है। शहर में वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए आवश्यकतानुसार ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरतें।
बुद्ध पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर हरिद्वार में आस्था, श्रद्धा और सुरक्षा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
