Home / मुख्य ख़बर / गंगा एक्सप्रेसवे के विरोध में किसानों ने भरी हुंकार, आंदोलन तेज करने का ऐलान…

गंगा एक्सप्रेसवे के विरोध में किसानों ने भरी हुंकार, आंदोलन तेज करने का ऐलान…

हरिद्वार। रविवार को जमालपुर कलां स्थित रामलीला ग्राउंड में गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना से प्रभावित किसानों की महापंचायत आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने अपनी समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रशासन से किसानों के हितों की रक्षा करने की मांग उठाई।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान नेता विक्रम सिंह ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के नाम पर किसानों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन किसानों की सहमति, उचित मुआवजा और उनके हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
विक्रम सिंह ने कहा कि यदि किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो प्रभावित किसान एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से किसानों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान निकालने की मांग की।
महापंचायत में मौजूद किसानों ने भी एक स्वर में अपनी मांगों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आगे की रणनीति बनाकर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
महापंचायत में प्रवीण चौधरी, नफीस प्रधान, संदीप चौधरी, खलील अहमद, विपिन प्रधान, अरुण पंडित, गौरव अहलूवालिया, राज सिंह, शेखर चौधरी, सोनू चौधरी, गफ्फार, विशेष चौधरी, कल्याण, सावन चौधरी सहित बड़ी संख्या में प्रभावित किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!