Home / मुख्य ख़बर / चारधाम यात्रा को लेकर ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़…

चारधाम यात्रा को लेकर ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़…

हरिद्वार। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना हुआ है। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर रविवार को देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रशासन द्वारा जारी यात्री पंजीकरण बुलेटिन के अनुसार आज कुल 11,988 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। इनमें यमुनोत्री धाम के लिए 2,517, गंगोत्री धाम के लिए 2,534, केदारनाथ धाम के लिए 3,500, बद्रीनाथ धाम के लिए 3,436 तथा हेमकुंड साहिब के लिए 01 श्रद्धालु ने पंजीकरण कराया।
चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था और लगातार बढ़ रही संख्या के बीच जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की व्यवस्थाओं की यात्रियों द्वारा सराहना की जा रही है। ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र पर यात्रियों के लिए बैठने, पेयजल, स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा और जानकारी संबंधी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है। प्रशासन की ओर से यात्रियों को यात्रा मार्ग, मौसम और सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी लगातार उपलब्ध कराई जा रही है।
पंजीकरण कराने पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि भीड़ अधिक होने के बावजूद पूरी व्यवस्था बेहतर तरीके से संचालित की जा रही है। यात्रियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा बनाए गए सहायता काउंटरों और कर्मचारियों के सहयोग से पंजीकरण प्रक्रिया काफी आसान और व्यवस्थित हो गई है। कई श्रद्धालुओं ने पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन की भी सराहना की।
अधिकारियों के अनुसार ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 01 लाख 79 हजार 544 यात्रियों का चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण किया जा चुका है। यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!