Home / मुख्य ख़बर / पत्नी साक्षी और बेटी जीवा संग मसूरी पहुंचे कैप्टन कूल धोनी, झलक पाने को उमड़ी भीड़…

पत्नी साक्षी और बेटी जीवा संग मसूरी पहुंचे कैप्टन कूल धोनी, झलक पाने को उमड़ी भीड़…

उत्तराखण्ड / मसूरी। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और “कैप्टन कूल” के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी रविवार को अपनी पत्नी साक्षी धोनी और बेटी जीवा धोनी के साथ मसूरी पहुंचे। धोनी के मसूरी पहुंचने की खबर मिलते ही प्रशंसकों में उत्साह की लहर दौड़ गई और उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
रविवार को  महेंद्र सिंह धोनी विश्व प्रसिद्ध वूडस्टॉक स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बेटी जीवा के प्रवेश को लेकर स्कूल परिसर और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्कूल प्रबंधन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किया।
धोनी के मसूरी आगमन को बेहद गोपनीय रखा गया था और इसकी जानकारी मीडिया को भी नहीं दी गई थी। हालांकि सोशल मीडिया पर उनके कुछ वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद उनके मसूरी में होने की खबर तेजी से फैल गई। इसके बाद लाल टिब्बा क्षेत्र स्थित होटल के बाहर स्थानीय लोगों और पर्यटकों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रशंसकों ने अपने पसंदीदा क्रिकेट स्टार के साथ सेल्फी और फोटो खिंचवाने का अवसर नहीं गंवाया। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने धोनी का गर्मजोशी से स्वागत किया। धोनी ने भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और कई लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। उनकी पत्नी साक्षी धोनी उत्तराखंड की निवासी हैं और उनका विवाह भी देहरादून में संपन्न हुआ था। यही कारण है कि धोनी समय-समय पर उत्तराखंड, विशेषकर मसूरी और देहरादून का दौरा करते रहते हैं।
धोनी के मसूरी पहुंचने की खबर ने पर्यटन नगरी में खासा उत्साह पैदा कर दिया और दिनभर उनके प्रशंसकों के बीच उनकी चर्चा होती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!