Home / मुख्य ख़बर / चारधाम यात्रा में प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना, रविवार को 12,613 यात्रियों ने कराया पंजीकरण…

चारधाम यात्रा में प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना, रविवार को 12,613 यात्रियों ने कराया पंजीकरण…

हरिद्वार। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र पर रविवार को विभिन्न राज्यों से पहुंचे 12,613 श्रद्धालुओं ने चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने के बावजूद प्रशासन द्वारा की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की यात्रियों ने सराहना की।
यात्री पंजीकरण बुलेटिन के अनुसार रविवार को यमुनोत्री धाम के लिए 3,051, गंगोत्री धाम के लिए 3,055, केदारनाथ धाम के लिए 3,054, बद्रीनाथ धाम के लिए 3,435 तथा हेमकुंड साहिब के लिए 18 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। कुल मिलाकर 12,613 यात्रियों ने यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया।
पंजीकरण केंद्र पर यात्रियों के लिए पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, हेल्प डेस्क और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के पंजीकरण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रियता की भी यात्रियों ने प्रशंसा की।
यात्रियों का कहना है कि पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाया गया है, जिससे लंबी कतारों के बावजूद कार्य तेजी से संपन्न हो रहा है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण और निगरानी भी की जा रही है।
ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र से अब तक 03 लाख 39 हजार 543 यात्रियों का पंजीकरण किया जा चुका है। बढ़ती संख्या के बीच प्रशासन यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक ढंग से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!