Home / मुख्य ख़बर / पौड़ी-देहरादून रोडवेज बस के ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से 22 यात्रियों की बची जान…

पौड़ी-देहरादून रोडवेज बस के ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से 22 यात्रियों की बची जान…

पौढ़ी गढ़वाल। पौड़ी-देवप्रयाग-देहरादून मार्ग पर सोमवार को उत्तराखंड परिवहन निगम की एक रोडवेज बस के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बस में चालक-परिचालक सहित 22 यात्री सवार थे। चालक की सूझबूझ और त्वरित निर्णय से सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड परिवहन निगम के देहरादून डिपो की बस पौड़ी से देहरादून की ओर जा रही थी। शाम करीब 4:30 बजे तीनधारा से आगे अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। बस अनियंत्रित होने लगी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने घबराने के बजाय साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को सड़क किनारे दीवार और नाली के बीच मौजूद संकरी जगह की ओर मोड़ दिया। करीब 40 सेकंड की मशक्कत के बाद बस सुरक्षित रुक गई। संयोग से उस समय सामने या पीछे से कोई तेज रफ्तार वाहन नहीं आ रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि देवप्रयाग के पास भी बस के ब्रेक में तकनीकी खराबी आई थी। उस समय चालक ने किसी तरह बस को चलने योग्य बनाया, लेकिन कुछ दूरी तय करने के बाद ब्रेक पूरी तरह जवाब दे गए।
घटना के बाद यात्रियों ने चालक की सराहना करते हुए कहा कि उसकी सतर्कता और अनुभव के कारण सभी सुरक्षित बच सके। वहीं यात्रियों ने उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों के रखरखाव पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पर्वतीय मार्गों पर रोजाना लंबी दूरी तय करने वाली बसों की नियमित और पर्याप्त मेंटेनेंस नहीं की जा रही है।
घटना के बाद परिवहन निगम ने यात्रियों को पीछे से आ रही अन्य रोडवेज बसों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। सुरक्षित बचने पर यात्रियों ने मां गंगा, भगवान बदरीविशाल, भगवान महादेव, मां धारी देवी और भगवान रघुनाथ का आभार व्यक्त करते हुए इसे ईश्वर की कृपा बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!