
जंडाली खुर्द/ पंजाब ।
भगवान श्री चंद जी महाराज के जन्मोत्सव (प्रकाश उत्सव) के अवसर पर पंजाब के जंडाली खुर्द (मलेरकोटला) में दो दिवसीय निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर ‘ज्योति महायज्ञ’ का सफल आयोजन किया गया। डेरा बाबा सरब सुख जी फ़कीर उदासीन जंडाली खुर्द के प्रमुख महंत श्री दामोदर दास जी महाराज के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय, अयोध्या के डॉक्टरों और मेडिकल टीम द्वारा किया गया। दो दिनों तक चले इस शिविर के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की आंखों की जांच की। इस मौके पर जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां, चश्मे तथा आंखों के मोतियाबिंद ऑपरेशन से जुड़ी परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के दौरान डेरा प्रमुख महंत दामोदर दास महाराज ने कहा कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची भक्ति है और नेत्र दान या आंखों की ज्योति प्रदान करने से बड़ा कोई पुण्य नहीं है। इस सेवा कार्य की क्षेत्रवासियों ने काफी सराहना की और बड़ी संख्या में आकर अपनी आंखों की जांच कराकर लाभ उठाया।










