अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने कांवड़ मेले में फूड लाइसेंस अनिवार्य किए जाने के सरकार के निर्णय का किया स्वागत…

हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कांवड़ मेले के दौरान फूड लाइसेंस अनिवार्य किए जाने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्णय का स्वागत किया है। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हिंदू हृदय सम्राट हैं। सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित है। सावन में होने वाले कांवड़ मेले में हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, यूपी सहित तमाम राज्यों से करोड़ों शिवभक्त हरिद्वार आते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रतिवर्ष कांवड़ियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाती हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं कांवड़ियों के पैर धोकर और हैलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करते हैं। कांवड़ मेले के दौरान किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न ना हो। इसके लिए फूड़ लाइसेंस अनिवार्य किया गया है। फूड लाइसेंस और दुकानदार की पहचान स्पष्ट होने से किसी प्रकार का विवाद नहीं होगा। इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री बधाई और साधुवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि सभी को कांवड़ मेला संपन्न कराने में सरकार और प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। सभी के सहयोग से ही कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होगा। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी, आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी, निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्णय की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!