Home / मुख्य ख़बर / चारधाम यात्रा: सोमवार को ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र पर 1094 यात्रियों ने कराया रजिस्ट्रेशन…

चारधाम यात्रा: सोमवार को ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र पर 1094 यात्रियों ने कराया रजिस्ट्रेशन…

हरिद्वार। चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर सोमवार को देश के विभिन्न राज्यों से आए 1094 श्रद्धालुओं ने चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया।
जारी बुलेटिन के अनुसार यमुनोत्री धाम के लिए 173, गंगोत्री धाम के लिए 173, केदारनाथ धाम के लिए 355, बद्रीनाथ धाम के लिए 389 तथा हेमकुंड साहिब के लिए 04 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। इस प्रकार कुल 1094 यात्रियों ने सोमवार को अपना रजिस्ट्रेशन करवाया।
ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र से अब तक 04 लाख 29 हजार 458 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। यह आंकड़ा यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को दर्शाता है।
चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पंजीकरण केंद्र पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रियों के लिए अलग-अलग काउंटर, सहायता डेस्क, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सहायता तथा सूचना केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही कर्मचारियों की तैनाती कर पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाया गया है, जिससे यात्रियों को कम समय में रजिस्ट्रेशन की सुविधा मिल रही है।
श्रद्धालुओं ने भी पंजीकरण केंद्र पर उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं और प्रशासनिक सहयोग की सराहना की। प्रशासन का प्रयास है कि चारधाम यात्रा पर आने वाले प्रत्येक यात्री को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्राप्त हो।
चारधाम यात्रा सीजन के दौरान ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यहां पहुंचकर यात्रा पंजीकरण का लाभ उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!