
हरिद्वार। मंगलवार को एसएमजेएन पीजी कॉलेज में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में विचार गोष्ठी एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन एवं आदर्शों से परिचित कराना तथा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसमें महाविद्यालय की प्राध्यापिका रेणु सिंह ने मनमोहक प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष महन्त डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास जनजातीय समाज के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान के बिना अधूरा है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान नायकों ने देश की स्वतंत्रता के साथ-साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक अधिकारों की रक्षा के लिए भी ऐतिहासिक संघर्ष किया। जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराएं भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और योगदान से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित हो। उन्होंने महाविद्यालय द्वारा आयोजित इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार के पूर्व कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र शास्त्री ने मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं ऐतिहासिक संघर्ष पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि बिरसा मुंडा केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, स्वाभिमान और सांस्कृतिक अस्मिता के सशक्त प्रतीक थे। उन्होंने ब्रिटिश शासन की दमनकारी नीतियों, शोषण तथा जनजातीय समाज के अधिकारों के हनन के विरुद्ध महान आंदोलन का नेतृत्व किया। प्रो. शास्त्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के अतिरिक्त तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, रानी दुर्गावती और टंट्या भील जैसे अनेक जनजातीय नायकों ने देश की स्वतंत्रता एवं अपने समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से इन महान विभूतियों के जीवन का अध्ययन करने तथा उनके संघर्ष, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमें देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और इतिहास के उन महत्वपूर्ण अध्यायों से परिचित कराता है, जिन्हें लंबे समय तक अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प और नेतृत्व क्षमता के बल पर समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को केवल अपने शैक्षणिक विकास तक सीमित न रहकर देश के इतिहास, सामाजिक परिस्थितियों और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति भी सजग रहना चाहिए।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण संजय माहेश्वरी ने कहा कि जनजातीय समाज का संघर्ष केवल राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं था, बल्कि यह जल, जंगल और जमीन पर अधिकार, सामाजिक न्याय तथा अपनी सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने का भी आंदोलन था। जनजातीय समुदायों ने अपनी परंपराओं, प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जैसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक संवेदनशीलता, समानता, समावेशिता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रत्येक वर्ग की संस्कृति, परंपराओं एवं अधिकारों का सम्मान करने तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, जनजातीय संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के योगदान तथा सामाजिक समानता एवं राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों पर प्रेरणादायक नारों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कशिश, सलोनी, साक्षी, दीक्षा, सुकन्या, कशिश रावत, शालिनी, निधि, प्रीति, सोनाली, वंशिका, नेहा ठाकुर, खुशबू मौर्या, अंशु, उर्वशी पंवार, खुशी रावत तथा अनन्या गौड़ ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम संयोजक के रूप में लता शर्मा, मीनाक्षी शर्मा, कविता छाबड़ा तथा पूर्णिमा सुंदरियाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन कविता छाबड़ा एवं पूर्णिमा सुंदरियाल ने किया। अंत में राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष विनय थपलियाल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिवकुमार चौहान, मनोज कुमार सोही, आशा शर्मा, पल्लवी, सरोज शर्मा, मोना शर्मा, अनुरिषा, रुचिका सक्सेना, रिचा मिनोचा, रिंकल गोयल, दीपिका, कुमारी अंजलि शर्मा, कार्यालय अधीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।













