Home / शिक्षा / एसएमजेएन कॉलेज की छात्रा सांत्वना सिंह को उत्कृष्ट उपलब्धि पर सम्मान…

एसएमजेएन कॉलेज की छात्रा सांत्वना सिंह को उत्कृष्ट उपलब्धि पर सम्मान…

हरिद्वार। एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में सोमवार को आयोजित सम्मान समारोह में महाविद्यालय की मेधावी छात्रा सांत्वना सिंह को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। एम.ए. अर्थशास्त्र की छात्रा सांत्वना सिंह ने हाल ही में आयोजित भारत बौद्धिक परीक्षा में राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर कॉलेज का नाम गौरवान्वित किया है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने सांत्वना सिंह को प्रमाण पत्र एवं 2500 रुपये की पुरस्कार राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कॉलेज के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांत्वना सिंह ने बिहार पीसीएस मेन्स परीक्षा तथा इसरो की प्रतियोगी परीक्षा के साक्षात्कार में भी सफलता प्राप्त की है, जिनके परिणाम शीघ्र घोषित होने वाले हैं।
प्रो. बत्रा ने छात्रा को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, समर्पण और सकारात्मक प्रयासों से ही जीवन के लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सांत्वना की उपलब्धि से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी ने सांत्वना सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना की, जबकि भारत बौद्धिक परीक्षा के संस्थान नोडल अधिकारी विजय शर्मा ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
सांत्वना सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और महाविद्यालय परिवार को दिया। समारोह में प्रो. जे.सी. आर्य, शिवकुमार चौहान, वैभव बत्रा, कार्यालय अधीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!