Home / शिक्षा / शिवडेल स्कूल में भव्य अलंकरण समारोह आयोजित, 52 छात्र नेताओं ने संभाली जिम्मेदारी…

शिवडेल स्कूल में भव्य अलंकरण समारोह आयोजित, 52 छात्र नेताओं ने संभाली जिम्मेदारी…

हरिद्वार / कनखल। शिवडेल स्कूल में शुक्रवार को भव्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 52 छात्र-छात्राओं को विभिन्न नेतृत्वकारी जिम्मेदारियां सौंपते हुए औपचारिक रूप से पद एवं दायित्व प्रदान किए गए। सभी नव नियुक्त छात्र नेताओं ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन और परंपराओं को बनाए रखने की शपथ ली।
समारोह का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष स्वामी शरदपुरी के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सच्चा नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने से नहीं, बल्कि सेवा, सहानुभूति और दूसरों को प्रेरित करने की क्षमता से परिभाषित होता है। उन्होंने छात्रों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
विद्यालय द्वारा घोषित छात्र परिषद में हार्दिक शर्मा को मुख्य छात्र और मुग्धा घोगले को मुख्य छात्रा नियुक्त किया गया। अनुशासन प्रभारी के रूप में धैर्य चौधरी एवं अनोखी तरार को जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि खेल कैप्टन के रूप में सार्थक शर्मा और वेदांशी चौधरी का चयन किया गया।
विभिन्न हाउसों के लिए भी छात्र नेतृत्व टीम की घोषणा की गई। द्रोणा हाउस के हाउस कैप्टन अभिनव सिंह और उप हाउस कैप्टन जानवी कांडवाल बनाए गए। संदीपनी हाउस में रुद्र प्रताप चौहान को हाउस कैप्टन तथा सृष्टि डिमरी को उप हाउस कैप्टन नियुक्त किया गया। वशिष्ठ हाउस की कमान अवनी मित्तल को सौंपी गई, जबकि आरिनी शांडिल्य उप हाउस कैप्टन चुनी गईं। व्यास हाउस में शिवी सैनी को हाउस कैप्टन और दक्ष कुमार को उप हाउस कैप्टन बनाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य अरविंद बंसल ने नेतृत्व, अनुशासन और टीमवर्क के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छात्र परिषद विद्यालय में सकारात्मक वातावरण निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। समन्वयक विपिन मलिक एवं शिक्षकों की टीम ने भी नव नियुक्त छात्र नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह उत्साह, अनुशासन और नेतृत्व भावना से परिपूर्ण रहा तथा आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए सकारात्मक ऊर्जा और नई प्रतिबद्धता का संदेश देकर संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!