Home / पुलिस / कनखल चौक बाजार में पुलिस का अतिक्रमण हटाओ अभियान…

कनखल चौक बाजार में पुलिस का अतिक्रमण हटाओ अभियान…

हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में थाना कनखल पुलिस ने शुक्रवार को कनखल चौक बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण और नो पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेली-रेड़ी और दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया गया, वहीं नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कनखल चौक बाजार में बाहरी वाहनों को अवैध रूप से नो पार्किंग क्षेत्र में खड़ा किया जा रहा है। इसके अलावा कुछ दुकानदारों और ठेली-रेड़ी संचालकों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण किए जाने से बाजार क्षेत्र में बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। ट्रैफिक पुलिस ने नो पार्किंग में खड़े वाहनों को क्रेन के माध्यम से हटवाकर चालानी कार्रवाई भी की। पुलिस ने ठेली-रेड़ी संचालकों और दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में सड़क पर सामान न फैलाने और यातायात बाधित न करने की हिदायत दी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा को देखते हुए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!