
हरिद्वार। एसएमजेएन पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का गुरुवार को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन की शुरुआत योगाभ्यास और मां गंगा की आरती के साथ हुई, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक माहौल में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के तहत छात्राओं ने “शुभ नवरात्रि” थीम पर आकर्षक रंगोली बनाकर अपनी सृजनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रिया रघुवंशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सोनाली, वंशिका और नेहा द्वितीय तथा खुशी ठाकुर, इशिका और वैभवी तृतीय स्थान पर रहीं।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज उपस्थित रहे। उन्होंने सभी छात्राओं और शिक्षिकाओं को मां मनसा देवी की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई और कल्पना चावला जैसी महान विभूतियों से प्रेरणा लेकर जीवन में साहस और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने विजेता छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, एनएसएस के जिला समन्वयक एस.पी. सिंह ने शिविर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कार्यक्रम अधिकारियों पदमावती तनेजा, पुनीता शर्मा, रचना गोस्वामी एवं विनीत कुमार के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने छात्राओं से शिविर के अनुभव साझा करने के लिए भी संवाद किया।
इस अवसर पर साधना धाम के अध्यक्ष रमाशंकर कौशिक भी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।
समापन समारोह के साथ ही सात दिवसीय शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ, जिसमें छात्राओं ने सामाजिक सेवा, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों का समृद्ध अनुभव प्राप्त किया।
