Home / शिक्षा / एशियन गेम्स स्वर्ण पदक विजेता अर्जुन देशवाल ने शिवडेल स्कूल में विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र…

एशियन गेम्स स्वर्ण पदक विजेता अर्जुन देशवाल ने शिवडेल स्कूल में विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र…

हरिद्वार। जगजीतपुर स्थित शिवडेल स्कूल में शनिवार को भारतीय कबड्डी के स्टार खिलाड़ी एवं एशियन गेम्स स्वर्ण पदक विजेता अर्जुन देशवाल का भव्य स्वागत किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी को अपने बीच पाकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान अर्जुन देशवाल ने विद्यार्थियों के साथ अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्हें सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का संदेश दिया।
अर्जुन देशवाल भारतीय कबड्डी टीम के सदस्य के रूप में वर्ष 2026 के एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2023 की एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भी उन्होंने भारतीय टीम के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया था। प्रो कबड्डी लीग के नौवें सीजन में जयपुर पिंक पैंथर्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। इस सीजन में 296 रेड पॉइंट हासिल करने पर उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) का खिताब भी मिला था।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अर्जुन देशवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के अध्यक्ष स्वामी शरदपुरी महाराज ने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। अर्जुन देशवाल जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी का विद्यालय में आगमन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उनकी उपलब्धियां बच्चों को मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य प्राप्त करने की सीख देती हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद बंसल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी का विद्यालय में आगमन विद्यार्थियों के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। उनके संघर्ष और उपलब्धियों से बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा मिलेगी। विद्यालय शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को भी समान महत्व देता है।
वहीं, कोऑर्डिनेटर विपिन मलिक ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अर्जुन देशवाल के अनुभवों से विद्यार्थियों में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने अर्जुन देशवाल का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!