Home / पुलिस / पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार…

पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार…

हरिद्वार / मंगलौर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली मंगलौर पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी के नाम से संचालित छह बैंक खातों के माध्यम से विभिन्न राज्यों में साइबर धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। इन खातों के खिलाफ गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब सहित कई राज्यों में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रतिबिम्ब पोर्टल पर हॉटस्पॉट मूल बैंक खाते की जानकारी सामने आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच में बैंक खाता संख्या 57410110000747 के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिलीं। इस संबंध में थाना मंगलौर में मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान संदिग्ध बैंक खाताधारक की पहचान आकाश कुमार पुत्र वीरेन्द्र, निवासी गोपालपुर, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी अपने नाम से छह बैंक खाते संचालित कर रहा था, जिनके माध्यम से लगभग 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी की गई। आरोपी लोगों को फोन और अन्य माध्यमों से लॉटरी लगने तथा इनाम मिलने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद ठगी से प्राप्त धनराशि को एटीएम के माध्यम से निकालकर अन्य लाभार्थी खातों में ट्रांसफर कर देता था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छह बैंक पासबुक, छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!