Home / पुलिस / लूटकांड का खुलासा, तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, ई-रिक्शा चालक समेत तीन आरोपी दबोचे…

लूटकांड का खुलासा, तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, ई-रिक्शा चालक समेत तीन आरोपी दबोचे…

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ई-रिक्शा में सवारी बैठाकर सुनसान रास्ते पर नुकीली वस्तु से डराकर लूटपाट करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटकांड का खुलासा किया है। एसपी सिटी अभय कुमार ने पत्रकार वार्ता के दौरान मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ₹10 हजार की नगदी, पीड़ित के आधार कार्ड व पैन कार्ड, जूते, वारदात में प्रयुक्त लोहे का फर्सा, लोहे का एंगल और ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लालच, नशे और अपने शौक व खर्चे पूरे करने के लिए रात के समय अकेली सवारियों को निशाना बनाते थे।
पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर 2026 की रात सिडकुल स्थित राजा बिस्कुट चौक से हरिद्वार जाने के लिए पवन कुमार, हाल निवासी महादेवपुरम सिडकुल, ई-रिक्शा में सवार हुआ था। सेक्टर-4 चौक से आगे केवी स्कूल की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर ई-रिक्शा चालक और उसमें पहले से बैठे दो अन्य युवकों ने नुकीली वस्तु पेट पर लगाकर उसे डराया-धमकाया और ₹10 हजार की नगदी, बैग, कपड़े, जूते तथा जरूरी दस्तावेज लूट लिए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मु.अ.सं. 318/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए कोतवाली रानीपुर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, पुराने अपराधियों से पूछताछ की और अन्य सुराग जुटाए। इसी क्रम में 13 सितंबर 2026 की रात गश्त एवं चेकिंग के दौरान लीडो क्लब जाने वाले कच्चे रास्ते पर एकांत स्थान में खड़े ई-रिक्शा में बैठे तीन संदिग्धों को पुलिस ने पूछताछ के लिए रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से ₹10 हजार नगद, पीड़ित के आधार कार्ड व पैन कार्ड, लोहे का फर्सा, लोहे का एंगल और चमड़े के जूते बरामद हुए।
पुलिस की सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने राजा बिस्कुट चौक के पास से एक युवक को ई-रिक्शा में बैठाकर शिव मंदिर के पास सुनसान स्थान पर ले जाने और नुकीली वस्तु से डराकर उसका बैग, दस्तावेज, जूते, जीन्स और नगदी लूटने की बात स्वीकार की। पूछताछ के दौरान आरोपी आयुष उर्फ अनिकेत लूटी गई जीन्स पहने मिला। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा और अन्य सामान कब्जे में ले लिया है। आरोपियों की पहचान श्रवण कुमार (19 वर्ष) पुत्र मूल चंद, निवासी ग्राम कनपारा, थाना पुवाया, जिला शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सिडकुल बाईपास, हरिद्वार; विजय (20 वर्ष) पुत्र रामजी, निवासी मौहल्ला हाथीयाना, बिलसंडा, बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी रावली महदूद, सिडकुल, हरिद्वार; तथा आयुष उर्फ अनिकेत (20 वर्ष) पुत्र राजेश, निवासी ग्राम नयागांव, थाना शेरकोट धामपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी रावली महदूद, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी विजय का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ थाना रानीपुर हरिद्वार में मु.अ.सं. 644/24, धारा 4/25 शस्त्र अधिनियम दर्ज है। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भण्डारी, उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, हेड कांस्टेबल जगदेव, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, कांस्टेबल पी.एस. दानू और कांस्टेबल सर्वजीत सिंह शामिल रहे। वहीं सीआईयू टीम में निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट (प्रभारी) और कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!