
हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेले के दौरान रोटरी हरिद्वार का सेवा अभियान लगातार जारी है। संस्था की ओर से आईपी-4, बेगमपुर स्थित सेवा केंद्र पर पूर्व अध्यक्ष ब्रिज मोहन गुप्ता पिछले चार दिनों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ व्यवस्थाओं का संचालन कर रहे हैं। उनके कुशल नेतृत्व में जूस वितरण का कार्य सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है, जिससे हजारों कांवड़ यात्रियों को राहत मिल रही है।
रोटरी हरिद्वार के अनुसार, पिछले चार दिनों में इस सेवा केंद्र से 850 बॉक्स, यानी लगभग 25 हजार जूस की बोतलों का वितरण कांवड़ यात्रियों के बीच किया जा चुका है। लगातार बढ़ती यात्रियों की संख्या के बावजूद सेवा कार्य बिना किसी व्यवधान के जारी है।
इस व्यापक सेवा अभियान के लिए जूस की संपूर्ण व्यवस्था एवं सहयोग Emami Group द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है। संस्था ने उनके इस सामाजिक सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसी सहयोग की बदौलत हजारों श्रद्धालुओं तक समय पर सेवा पहुंचाई जा रही है।
पूरे जूस वितरण अभियान का समन्वय एवं पर्यवेक्षण रोटरी हरिद्वार के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आलोक सारस्वत के निर्देशन में किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में विभिन्न सेवा केंद्रों पर जूस वितरण का कार्य नियमित और व्यवस्थित रूप से संचालित हो रहा है।
रोटरी हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. नीला माधव साहू ने सेवा अभियान से जुड़े सभी रोटेरियनों, स्वयंसेवकों, Emami Group और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग, सेवा-भावना और समर्पण के कारण ही हजारों कांवड़ यात्रियों तक यह सेवा निरंतर पहुंच रही है।
उन्होंने कहा कि रोटरी हरिद्वार भविष्य में भी सेवा, समर्पण और मानवता की भावना के साथ समाजहित के कार्यों को इसी प्रकार निरंतर जारी रखेगा।









