
हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय से चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल के नेतृत्व में कनखल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रात्रि में गाड़ियों के शीशे तोड़कर हुड़दंग मचाने वाले 05 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीमों द्वारा शराब तस्करों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों, वांछित अपराधियों, गुंडा तत्वों और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बीते कुछ समय से कनखल क्षेत्र में रात के समय पार्किंग में खड़ी गाड़ियों, स्कूटी और मोटरसाइकिलों के शीशे तोड़ने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। आरोपी शराब के नशे में हुड़दंग करते थे और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
कनखल पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कार्रवाई जारी रखते हुए 17 मई 2026 की रात लड़ाई-झगड़ा और हुड़दंग कर गाड़ियों के शीशे तोड़ने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों में वंश पुत्र कैलाश (20 वर्ष), सचिन पुत्र भूरे (20 वर्ष), विषु पुत्र पप्पू (23 वर्ष), सोनू पुत्र रामसुधार (24 वर्ष) तथा सूरज उर्फ भानू पुत्र शिवनंदन सैनी (19 वर्ष) निवासी हनुमानगढ़ी, थाना कनखल, जनपद हरिद्वार शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं तथा पूर्व में भी मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब इनसे क्षेत्र में हुई अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नंद किशोर, हेड कांस्टेबल जितेंद्र शाह, कांस्टेबल सतेंद्र रावत एवं कांस्टेबल उमेद सिंह शामिल रहे।
