Home / मुख्य ख़बर / ईंधन बचाओ संदेश को जन-जन तक पहुंचाने निकले अधिकारी, साइकिल से तय किया 15 किमी का सफर…

ईंधन बचाओ संदेश को जन-जन तक पहुंचाने निकले अधिकारी, साइकिल से तय किया 15 किमी का सफर…

हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ईंधन बचाओ” संदेश को सार्थक करते हुए हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सचिव मनीष कुमार सिंह और हरिद्वार के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश देने के लिए साइकिल से करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय की। दोनों अधिकारी रोशनाबाद स्थित अपने आवास से साइकिल चलाकर हरिद्वार पहुंचे।
इस दौरान अधिकारियों ने आमजन, सरकारी कर्मचारियों और अर्द्धसरकारी कर्मियों से अपील करते हुए कहा कि जितना संभव हो, ईंधन की बचत के लिए प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए वैकल्पिक साधनों को अपनाना समय की आवश्यकता है।
एचआरडीए सचिव मनीष कुमार सिंह और एसडीएम जितेंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन बचाने और देशहित में कार्य करने की अपील की गई है। इसी संदेश को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने साइकिल का उपयोग कर लोगों को प्रेरित करने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि छोटी दूरी के लिए साइकिल या पैदल चलने की आदत न केवल ईंधन की बचत करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी साबित होगी। अधिकारियों की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की और इसे जनजागरूकता की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!