
हरिद्वार। शुक्रवार को होने वाले बुद्ध पूर्णिमा के पावन स्नान को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अगुवाई में ऋषिकुल ऑडिटोरियम में व्यापक ब्रीफिंग आयोजित कर पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स तथा जोनल/सेक्टर प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान स्नान पर्व के नोडल अधिकारी एसपी सिटी अभय सिंह ने भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी और संचालन की विस्तृत योजना साझा की। वहीं एसपी ट्रैफिक/क्राइम निशा यादव ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की संख्या के अनुसार ट्रैफिक प्लान को समय पर लागू किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी जोनल और सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सायं तक अपने-अपने क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करें और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्नान समाप्ति तक सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे और हर अपडेट मेला कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएंगे।
प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र को 08 जोन और 21 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। साथ ही सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सड़क किनारे किसी भी प्रकार का वाहन पार्क नहीं होगा और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग किया जाएगा। पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।
चारधाम यात्रा के चलते इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना को देखते हुए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक यातायात मार्गों को भी लागू किया जाएगा, जिससे जाम की स्थिति से बचा जा सके। कंट्रोल रूम को सीमावर्ती जनपदों से लगातार ट्रैफिक अपडेट लेने और उसी अनुसार डायवर्जन प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सीसीआर में खोया-पाया सेल भी स्थापित किया गया है।
भारी पुलिस बल तैनात
बुद्ध पूर्णिमा स्नान के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया है, जिसमें 07 पुलिस क्षेत्राधिकारी, 11 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 38 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक, 06 महिला उपनिरीक्षक, 156 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 38 महिला कांस्टेबल, 01 कंपनी व 02 प्लाटून पीएसी, 03 कंपनी अर्धसैनिक बल, 02 टीम बीडीएस/डॉग स्क्वॉड, 02 टीम घुड़सवार दस्ता, 16 कर्मियों की जल पुलिस, 10 कर्मियों की अभिसूचना इकाई, 02 फायर यूनिट व 02 बैगपैक सेट के साथ फायर सर्विस, 01 प्लाटून आपदा राहत दल, 02 ट्रैफिक इंस्पेक्टर (TI), 10 टीएसआई तथा 25 ट्रैफिक पुलिस कर्मी शामिल हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें और प्रशासन का सहयोग कर स्नान पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में भागीदारी निभाएं।
इसके अतिरिक्त मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) में खोया पाया सेल स्थापित किया गया है।
