Home / पुलिस / वरिष्ठ पत्रकार के घर चोरी का खुलासा, एक लाख 20 हजार रुपये बरामद…

वरिष्ठ पत्रकार के घर चोरी का खुलासा, एक लाख 20 हजार रुपये बरामद…

हरिद्वार। कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने वरिष्ठ पत्रकार गोपाल रावत के श्रवणनाथ नगर स्थित घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से खर्च होने के बाद बची एक लाख 20 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी स्मैक और हेरोइन के नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पत्रकार गोपाल रावत निवासी श्रवणनाथ नगर, हरिद्वार ने 7 अक्टूबर 2026 को कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर चार लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चोरी का खुलासा करने और चोरी की रकम बरामद करने के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर हरिद्वार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल सर्विलांस और सुरागरसी-पतारसी के माध्यम से आरोपी की तलाश जारी रखी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 18 अक्टूबर 2026 को दविंदर नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से एक लाख 20 हजार रुपये बरामद किए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन और स्मैक के नशे का आदी है। नशे की पूर्ति के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के मुताबिक, श्रवणनाथ नगर स्थित घर से बड़ी रकम मिलने के बाद वह दिल्ली और हिमाचल प्रदेश गया, जहां उसने चोरी की रकम नशे और वेश्यावृत्ति पर खर्च कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही और कार्रवाई के दौरान खर्च होने के बाद बची एक लाख 20 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी: दविंदर पुत्र किशोर, निवासी वार्ड नंबर-7, जिला सांबा, जम्मू-कश्मीर, उम्र 25 वर्ष।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव राणा, कांस्टेबल अमित भट्ट और कांस्टेबल हरीश रतूड़ी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!