Home / पुलिस / दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार…

दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार…

हरिद्वार। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो अधिनियम के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती को जबरन होटल ले जाकर गाली-गलौच और मारपीट करते हुए दुष्कर्म करने का आरोप है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 को पीड़ित युवती के पिता ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री को जबरदस्ती अपने साथ होटल ले जाकर उसके साथ गाली-गलौच और मारपीट करते हुए दुष्कर्म किया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक ज्योति नेगी को सौंपी थी।
मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। आरोपी की तलाश में उसके निवास स्थान पर कई बार दबिश दी गई, लेकिन वह पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहा था। इसी क्रम में 15 अक्टूबर 2026 को विवेचक उपनिरीक्षक ज्योति नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दोबारा दबिश दी। इस दौरान आरोपी निखिल पुत्र मांगे राम निवासी ग्राम झीबरहेड़ी, जयन्तीपुर, थाना बिहारीगढ़, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) मौके पर मौजूद मिला, जिसे पुलिस टीम ने नियमानुसार हिरासत में ले लिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में विवेचक उपनिरीक्षक ज्योति नेगी और कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!