Home / पुलिस / पुलिस के ‘ऑपरेशन स्माइल’ में सफलता, रामपुर से बरामद हुई पिरान कलियर की लापता नाबालिग…

पुलिस के ‘ऑपरेशन स्माइल’ में सफलता, रामपुर से बरामद हुई पिरान कलियर की लापता नाबालिग…


हरिद्वार। थाना पिरान कलियर क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बालिका को उत्तराखण्ड पुलिस ने ‘ऑपरेशन स्माइल’ अभियान के तहत सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका की बरामदगी के बाद परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए सराहना की है।
जानकारी के अनुसार 01 मार्च 2026 को रहमतपुर कलियर निवासी एक व्यक्ति ने थाना पिरान कलियर में सूचना दी कि उसकी नाबालिग पुत्री 19 फरवरी 2026 को बिना बताए घर से अचानक लापता हो गई है। परिजनों द्वारा अपने स्तर पर काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना पिरान कलियर में तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
राज्य में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्माइल’ अभियान के तहत मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विशाखा असवाल को सौंपी गई। थानाध्यक्ष के निर्देशन में पुलिस टीम ने बालिका की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और सीसीटीवी फुटेज, फोटो पंपलेट, सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, डीसीआरबी, एससीआरबी, दूरदर्शन, अनाथालय व शेल्टर होम समेत विभिन्न माध्यमों से खोजबीन की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को सुराग मिला और जांच करते हुए टीम रामपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां से बालिका को सकुशल बरामद कर पुलिस संरक्षण में लिया गया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह ईद पर नए कपड़े दिलाने को लेकर पिता से नाराज होकर घर से निकल गई थी और सहारनपुर से होते हुए रामपुर पहुंच गई थी। उसने अपने साथ किसी भी प्रकार की घटना या दुर्व्यवहार से इनकार किया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और बयान दर्ज कराने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने हरिद्वार पुलिस की तत्परता और प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
पुलिस टीम…
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, उपनिरीक्षक विशाखा असवाल, अपर उपनिरीक्षक राम अवतार, हेड कांस्टेबल कुम्पाल तोमर और महिला कांस्टेबल सरिता राणा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!