Home / शिक्षा / एसएमजेएन पीजी कॉलेज में ‘हरित जीवन संकल्प अभियान’ का शुभारंभ…

एसएमजेएन पीजी कॉलेज में ‘हरित जीवन संकल्प अभियान’ का शुभारंभ…

हरिद्वार। एसएमजेएन पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की स्वयंसेविकाओं एवं प्राध्यापकों द्वारा “हरित जीवन संकल्प अभियान” की गरिमामयी शुरुआत की गई। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य एवं लक्ष्य “जन्मदिन पर पौधारोपण एवं वर्ष भर संरक्षण” रखा गया है।  प्राचार्य डॉ. बत्रा ने इस अभियान के अंतर्गत कॉलेज के सभी प्राध्यापकों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं को अपने-अपने जन्मदिन पर अनिवार्य रूप से कम से कम एक पौधा लगाने और पूरे वर्ष उसकी उचित देखभाल एवं संरक्षण करने की सामूहिक शपथ दिलाई ।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्रा कु सलोनी द्वारा कॉलेज परिसर में औषधीय पौधा अश्वगंधा का पौधा रोपण कर किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि यह अभियान केवल आज का प्रयास नहीं है, बल्कि इससे हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण सुरक्षित और संरक्षित रहेगा।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व  मेयर मनोज गर्ग ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय कदम बताया। आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के संजय माहेश्वरी ने छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम अधिकारी पदमावती तनेजा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह स्वयं पिछले कुछ वर्षों से लगातार अपने जन्मदिन पर एक पौधा रोपण कर रही हैं। उन्होंने बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग की गंभीर चुनौती को रेखांकित करते हुए छात्राओं को भी इस हरित परंपरा से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर विनय थपलियाल, शिवकुमार चौहान, मनोज सोही, विजय शर्मा, प्रिंस श्रोत्रिय, मीनाक्षी शर्मा, पुनिता शर्मा, रिचा मिनोचा, रिंकल गोयल, गीता शाह, अंकित बंसल सहित छात्रा स्वयंसेविकाएँ निकिता, अंकित बोडाई, साधना, राजश्री, शिवानी, पुष्पा, मनसा, सुकन्या, ऋतु आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!