Home / शिक्षा / एसएमजेएन पीजी कॉलेज हरिद्वार में खुला उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र…

एसएमजेएन पीजी कॉलेज हरिद्वार में खुला उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र…

हरिद्वार / हल्द्वानी। उत्तराखंड में उच्च शिक्षा के व्यापक विस्तार की दिशा में आज एक बड़ा मील का पत्थर स्थापित हुआ। हरिद्वार के एसएमजेएन पीजी कॉलेज में अब उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) का अध्ययन केंद्र संचालित होगा। इस केंद्र के विधिवत शुभारंभ के अवसर पर विश्वविद्यालय मुख्यालय, हल्द्वानी में एक उच्च स्तरीय बैठक और सहमति पत्र पर चर्चा की गई।
इस ऐतिहासिक अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चंद्र लोहनी, एसएमजेएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार बत्रा एवं विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. के.आर. भट्ट परीक्षा नियंत्रक प्रोफ़ेसर सोमेश कुमार शुक्ला प्रोफ़ेसर पी.डी. पन्त प्रोफ़ेसर एम.एम. जोशी प्रोफ़ेसर रयाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। साथ ही, प्रशासनिक कार्यों को गति देने हेतु प्रशासनिक अधिकारी पी.एस. परिहार, आईटी विभाग से डॉ. जितेन्द्र, डॉ. आशुतोष एवं जे.के. द्विवेदी ने भी विशेष सहभागिता की। कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने बताया कि इस नए अध्ययन केंद्र की स्थापना से हरिद्वार, रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्हें अपने ही समीप निम्नलिखित सुविधाएं प्राप्त होंगी:
गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन: अनुभवी प्रोफेसरों द्वारा शैक्षणिक परामर्श।
अध्ययन सामग्री (SLM): पाठ्य सामग्री की सहज उपलब्धता।
प्रशासनिक सुविधा: परीक्षा, प्रवेश और अन्य विभागीय कार्यों का त्वरित समाधान।
प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह केंद्र विशेष रूप से छात्राओं के लिए महिला शिक्षा, सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रभावी कदम सिद्ध होगा। जो छात्राएं नियमित कॉलेज आने में असमर्थ हैं, वे अब मुक्त विश्वविद्यालय के माध्यम से अपनी शिक्षा जारी रख सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!