मुख्यमंत्री चैंपियन ट्रॉफी 2025-26: बास्केटबॉल में हरिद्वार का दमदार प्रदर्शन, विजेता खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत…

हरिद्वार। मुख्यमंत्री चैंपियन ट्रॉफी 2025-26 राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में 27 से 29 जनवरी तक देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट अंडर 14 टीम की बालक-बालिकाओं का ट्रॉफी जीतकर हरिद्वार पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। उत्तराखंड में चल रहे खेल महाकुंभ में हरिद्वार का भी शानदार प्रदर्शन रहा। देहरादून के परेड ग्राउंड में बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट में अंडर 14 और अंदर-19 में शानदार प्रदर्शन कर हरिद्वार पहुंचे खिलाड़ियों का जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन की टीम ने जोरदार स्वागत करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। प्रतियोगिता से विजयी होकर हरिद्वार लौटने पर खिलाड़ियों का जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।
इस अवसर पर जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैयर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये खिलाड़ी देश का भविष्य हैं और इनके प्रयासों से भारत खेल जगत में नई ऊंचाइयों को छू सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरिद्वार के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बास्केटबॉल में देश का परचम लहराएंगे।
संगठन के चेयरमैन रवि बजाज ने खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को इसी प्रकार निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए, जिससे प्रदेश और जिले का नाम रोशन हो।
उपाध्यक्ष विकास तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा खेल महाकुंभ के माध्यम से युवाओं को उत्कृष्ट मंच प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हो रहा है। यह पहल प्रतिभाओं को निखारने में सहायक सिद्ध हो रही है।
संगठन के सचिव संजय चौहान ने बताया कि हरिद्वार में बास्केटबॉल का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी अलग पहचान बनाएंगे।
स्वागत कार्यक्रम में बलराम कपूर, सुनील अग्रवाल, प्रकाश केसवानी, अनिल गोयल सहित अनेक खेल प्रेमी और पदाधिकारी मौजूद रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

