
हरिद्वार। शनिवार को रोटरी हरिद्वार ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर, हरिद्वार में एक प्रेरणादायी RYLA का सफल आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में हरिद्वार के चार प्रतिष्ठित विद्यालयों से कुल 14 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। इसके उपरांत निर्णायक, डॉ. नरेश मोहन का परिचय कराया गया। मंच का संचालन रोटरी हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. आलोक सारस्वत एवं पूर्व अध्यक्ष हिमांशु चोपड़ा ने किया।
डॉ. नरेश मोहन ने हिंदी भाषा के इतिहास, उसकी विविध बोलियों और महत्त्व पर अपने विचार साझा किए। अध्यक्ष डॉ. आलोक सारस्वत ने रोटरी, इंटरैक्ट एवं RYLA के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वहीं, यूथ सर्विसेज डायरेक्टर व पूर्व अध्यक्ष विवेक मिश्रा ने हिंदी के व्यावहारिक और दैनिक उपयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जोश और आत्मविश्वास के साथ पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता इतनी कड़ी रही कि निर्णायक मंडल को विपक्ष पक्ष से अतिरिक्त विजेताओं को भी चयनित करना पड़ा।
विजेता इस प्रकार रहे…
पक्ष से कुमारी दिव्यांशी माउंट, लिटरा ज़ी स्कूल ने प्रथम स्थान एवं कुमार कृष्णा राजपूत, सरस्वती विद्या मंदिर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विपक्ष से कुमारी अध्या पाल, डीपीएस दौलतपुर एवं कुमारी पद्मा जोशी, सरस्वती विद्या मंदिर ने प्रथम स्थान तथा कुमारी वैष्णवी डीपीएस दौलतपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
सभी विजेताओं को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, माउंट लिटरा ज़ी स्कूल, डीपीएस दौलतपुर और डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज के छात्रों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष डॉ. आलोक सारस्वत ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे सार्थक आयोजनों के निरंतर प्रयास का संकल्प दोहराया। डॉ. नरेश मोहन ने अपनी रची कविता से एक पंक्ति भी सुनायी।
