
हरिद्वार।
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स शहर की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा रहा है। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बैडमिंटन का प्रशिक्षण ले रहे दो होनहार खिलाड़ियों कबीर यादव और अर्णव बिष्ट का चयन नेशनल बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड की टीम में हुआ है।
छत्तीसगढ़ के रायपुर में 24 से 27 नवंबर तक राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। हाल ही में संपन्न हुई स्टेट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर उत्तराखंड की टीम का चयन किया गया है। इसमें कबीर यादव और अर्णव बिष्ट ने अपनी जगह पक्की की है। दोनों खिलाड़ी सिंगल और डबल्स वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
नेशनल प्रतियोगिता को लेकर दोनों खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। कबीर और अर्णव का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। वे प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतना चाहते हैं। दोनों का सपना भविष्य में ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर भारत के लिए पदक जीतना है।
वहीं, हरिद्वार स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बैडमिंटन कोच उमंग कौशिक को उत्तराखंड बैडमिंटन फेडरेशन की ओर से राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए टीम कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ी लगातार मेहनत कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने प्रदर्शन से उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।













