
हरिद्वार। गुरुवार को गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर मॉर्डन कॉलोनी स्थित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वैशाख शुक्ल सप्तमी के दिन मां गंगा के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।
मंदिर के पुजारी पंडित मनोज शास्त्री के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक किया गया। मुख्य यजमान के रूप में कॉलोनी के प्रतिष्ठित लोगों ने परिवार सहित भाग लिया और दूध, दही, घी, शहद एवं गंगाजल से भगवान शिव एवं मां गंगा का अभिषेक किया। इसके बाद तिलक, रोली और पुष्पों से भगवान का भव्य श्रृंगार किया गया।
पंडित मनोज शास्त्री ने बताया कि गंगा सप्तमी के दिन गंगा स्नान कर भगवान शिव का जलाभिषेक करने से सात जन्मों के पापों का नाश होता है। कॉलोनीवासियों द्वारा सामूहिक रूप से गंगा पूजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने ‘गंगे च यमुने चैव’ मंत्रोच्चार के साथ दूध, पुष्प, अक्षत और चुनरी अर्पित कर मां गंगा का आह्वान किया।
दोपहर को आयोजित महाआरती के दौरान ‘हर-हर गंगे’, ‘नमामि गंगे’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को पंचामृत एवं हलवा-चना का प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पदाधिकारी डी.डी. मित्तल ने श्रद्धालुओं से गंगा एवं मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि “जब हम गंगा को मां मानते हैं, तो उन्हें प्रदूषित करना उचित नहीं है। प्लास्टिक, पॉलिथीन और पूजा सामग्री गंगा में न डालें, यह हम सभी का कर्तव्य है।”
कार्यक्रम में एम.एम. गुप्ता, कृष्णा गुप्ता, डी.सी. गुप्ता, बीना गुप्ता, के.के. गुप्ता, विपिन शर्मा, धीरज शर्मा, किरण भाटिया, श्रीमती गौतम, संजय शर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
