Home / राजनीति / विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, विस्तारित कार्यसमिति बैठक में बनेगी रणनीति…

विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, विस्तारित कार्यसमिति बैठक में बनेगी रणनीति…

हरिद्वार। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भाजपा हरिद्वार से चुनावी रणनीति का शंखनाद करेगी। 21 और 22 नवम्बर को प्रेमनगर आश्रम में आयोजित की जा रही भाजपा की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में करीब 900 नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। कार्यसमिति में लगातार तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठन की आगामी कार्ययोजना और चुनावी रणनीति पर मंथन होगा। शुक्रवार को प्रेमनगर आश्रम में आयोजित प्रैसवार्ता में भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 नवम्बर को सुबह नौ बजे कार्यसमिति के कार्यक्रम का उद्घाटन होगा। पहले दिन पार्टी के विभिन्न मोर्चों और सात प्रकोष्ठों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। सुबह 11 बजे संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की कार्यसमिति में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। इन बैठकों में संगठन की ओर से अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता भी इन कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे। सभी नेताओं से अपने-अपने संगठनात्मक कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी के साथ पहुंचने का आग्रह किया गया है। कुंदन परिहार ने बताया कि पहले दिन शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित होगी। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जाएगी। 22 नवम्बर को विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक होगी। इसमें प्रदेश के विस्तारक, विधानसभा प्रभारी, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य अपेक्षित कार्यकर्ताओं सहित करीब 900 नेता प्रतिभाग करेंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 22 नवम्बर को कार्यसमिति को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर विशेष जोर रहेगा। कार्यसमिति से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी। प्रैसवार्ता में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश मीडिया सह संयोजक विकास तिवारी, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान, महामंत्री संजीव चौधरी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!