भाजपा को चुनाव में झटका। इस वरिष्ठ नेत्री ने बीजेपी छोड़ थामा सपा का दामन, जानिए…

हरिद्वार / सुमित यशकल्याण।

हरिद्वार। गुरुवार शाम समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण सचान व महानगर अध्यक्ष सुमित तिवारी के नेतृत्व में वरिष्ठ भाजपा नेत्री डॉ. सरिता अग्रवाल ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण सचान ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बहुत फर्क है। यह जनता और भाजपा के कार्यकर्ता अच्छी तरह से जान चुके हैं इसलिए भाजपा से सभी का मोह भंग होता जा रहा है। जिसका परिणाम उन्हें 2022 के विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। इसी कड़ी में पार्टी के महानगर अध्यक्ष सुमित तिवारी के सहयोग से डॉ. सरिता अग्रवाल ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष पं. सुमित तिवारी ने कहा कि भाजपा की दोहरी नीति व झूठे वादों से जनता तंग आ चुकी है। भाजपा महिलाओं का सिर्फ दोहन व उत्पीड़न करना जानती है, उनका सम्मान करना नही। भाजपा की गलत नीतियों के कारण ही आज महिलाओं की रसोई बहुत महंगी हो चुकी है। युवा बेरोजगार हो रहे हैं। चिकित्सा व शिक्षा बहुत महंगी हो गई है। व्यापारियों का व्यापार चौपट हो चुका है। इस बार सभी मिलकर भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का काम करेंगे।

डॉ. सरिता अग्रवाल ने कहा कि भाजपा की राजनीति में महिलाओं का कोई स्थान व सम्मान नही है। भाजपा महिलाओं को सम्मान देने की कोरी घोषणाएं तो करती है लेकिन वास्तविकता बहुत अलग है। भाजपा के राज में सबसे ज्यादा महंगाई की मार महिलाओं पर ही पड़ी है। घरेलू गैस के दामों में बेतहाशा मूल्यवृद्धि, खाद्य पदार्थों के बढ़े हुए दामों ने आम व्यक्ति की रसोई का जायका बिगाड़ कर रख दिया है।
भाजपा के नेता महिलाओं के ऊपर लबे-चौड़े भाषण तो दे देते हैं लेकिन बराबर का सम्मान देते हुए कतराते हैं। उनको हर समय यह डर रहता है कि महिलाएं इनसे आगे न निकल जाएं इसलिए यह महिलाओं की अवहेलना करते है। नारी शक्ति इनको विधानसभा चुनाव में मुहतोड़ जवाब देगी।

इस मौके पर हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा प्रत्याशी साजिद अंसारी, सोम प्रधान, वैभव कुमार, गुलबहार, आशीष राजपूत, देव राणा, अक्षय, तरुण शर्मा, आदि लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!