
हरिद्वार। ओबीसी समाज कांग्रेस पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की प्रथम बैठक एवं जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक गुरुवार को शिवालिक नगर स्थित एक होटल में आयोजित हुई। बैठक में बड़ी संख्या में ओबीसी समाज के लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और ओबीसी समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ओबीसी समाज कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव चौधरी ने की, जबकि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं चंडीगढ़, पंजाब और उत्तराखंड के प्रभारी कवंरदीप सैनी मुख्य अतिथि रहे। राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने किया। संयोजक वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी तथा नेतृत्व ओबीसी समाज हरिद्वार ग्रामीण के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, माता अहिल्याबाई होलकर और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कवंरदीप सैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ओबीसी समाज को उसका अधिकार और सत्ता में उचित भागीदारी दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि जाति आधारित जनगणना को लेकर कांग्रेस ने लंबी लड़ाई लड़ी, लेकिन जनगणना के फॉर्म में ओबीसी जाति के लिए अलग कॉलम नहीं होने से समाज की वास्तविक संख्या और हिस्सेदारी सामने नहीं आ पाएगी।
उन्होंने कहा कि जल्द ही ओबीसी जिलाध्यक्ष अपने पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारियों से मुलाकात कर जनगणना के फॉर्म में ओबीसी जाति का अलग कॉलम शामिल करने की मांग करेंगे।
सैनी ने कहा कि यदि कोई विधायक दावेदार धरातल पर सक्रिय रूप से काम करता है, सर्वे में उसका नाम आता है और संबंधित विधानसभा क्षेत्र ओबीसी समाज बाहुल्य है, तो ऐसे ओबीसी दावेदार को टिकट में प्राथमिकता देने की दिशा में पार्टी गंभीरता से विचार करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ओबीसी समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण मिल रहा है, जबकि उत्तराखंड में ओबीसी आरक्षण केवल 14 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के कई गांवों के विभिन्न समाजों को ओबीसी श्रेणी में शामिल किए जाने से वास्तविक ओबीसी समाज को 14 प्रतिशत आरक्षण का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी ने ओबीसी समाज से एकजुट होकर अपनी राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी के अनुरूप हिस्सेदारी मांगने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित होकर अपनी बात रखने पर राजनीतिक दलों को ओबीसी समाज की मांगों को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा ओबीसी समाज के अधिकारों को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कांग्रेस की नीतियों को समाज के बीच पहुंचाने की बात कही।
ओबीसी समाज हरिद्वार ग्रामीण के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि करीब डेढ़ माह पूर्व जिम्मेदारी मिलने के बाद हरिद्वार ग्रामीण की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा अध्यक्षों और पदाधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अब संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी और वर्ष 2027 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य किया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि हरिद्वार जिले की पांचों विधानसभाओं में ओबीसी समाज की बैठकें आयोजित कर समाज को एकजुट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद के नेतृत्व में उत्तराखंड में बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में विधानसभा अध्यक्ष विनोद कश्यप, नंदलाल यादव, विकास सैनी और मुसरत अली ने भी अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्रों में ओबीसी विभाग को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष संजय सैनी, प्रदेश महासचिव तेलूराम प्रधान, इंटक प्रदेश अध्यक्ष राकेश राजपूत, प्रदेश महासचिव अनिल भास्कर, ओबीसी समाज के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आशीष सैनी, वरुण बालियान, दाताराम, प्रदेश सचिव संजय सैनी, पूर्व महासचिव ओबीसी समाज रणवीर नांगर, सोमदेव त्यागी, शिवालिक नगर ब्लॉक अध्यक्ष मोहन राणा, वरिष्ठ नेत्री ग्रेश कश्यप, विश्वकर्मा समाज के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र धीमान, ओबीसी समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश धीमान, सतेंद्र प्रधान, मनोज धनकर, सुरेंद्र ठाकुर, प्रेस मीडिया इंचार्ज डॉ. मेहरबान अली, अक्षय नागपाल, देवीचंद सैनी, महानगर अध्यक्ष यूथ कांग्रेस अंकुर सैनी, अमन अंसारी, आशु श्रीवास्तव, सागर बेनीवाल, उदित, भारत भूषण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।










