
हरिद्वार। कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कंवरदीप सैनी गुरुवार को हरिद्वार पहुंचे। वीआईपी घाट पर स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा की।
मीडिया से बातचीत करते हुए कंवरदीप सैनी ने कहा कि हरिद्वार में सभी जिला अध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी और संगठन को चुनाव के लिए मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। जातिगत जनगणना के मुद्दे पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इसे लेकर कांग्रेस व्यापक स्तर पर आवाज उठाएगी और इस मुद्दे को जन आंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जाएगा।
कंवरदीप सैनी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति दी जाएगी। हरिद्वार सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।













