Home / राजनीति / हरिद्वार में भाजयुमो का विस्तार, 17 नए पदाधिकारी शामिल…

हरिद्वार में भाजयुमो का विस्तार, 17 नए पदाधिकारी शामिल…

हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी के युवा संगठन भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने जिले में अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए 17 नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय में नई टीम का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट और युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अभिनव चौहान ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
नई कार्यकारिणी में सूर्यकांत सैनी और नवजोत वालिया को जिला महामंत्री बनाया गया है। वहीं भोला शर्मा, सचिन चौहान, सुमित लखेड़ा, देव भाटी को नई जिम्मेदारी दी गई है। शशांक चौहान, राहुल शर्मा, मोहित चौहान और कुलदीप सैनी को जिला मंत्री बनाया गया है।
इसके अलावा नीतीश चौधरी को कोषाध्यक्ष, अर्श नैयर को कार्यालय मंत्री, प्रियांशु गोयल को मीडिया प्रभारी, सागर सैनी को सह मीडिया प्रभारी, संदीप कुमार को सोशल मीडिया प्रभारी और वासु पराशर को आईटी संयोजक नियुक्त किया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि युवा मोर्चा संगठन की सबसे मजबूत कड़ी है और पार्टी की विचारधारा को युवाओं तक पहुंचाने में इसकी अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि नई टीम से अपेक्षा है कि वे पूरी निष्ठा, अनुशासन और सक्रियता के साथ काम करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेंगे, साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का कार्य भी करेंगे।
जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा केवल एक संगठन नहीं बल्कि युवाओं के सपनों और ऊर्जा का सशक्त मंच है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि आज के युवा देश और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और भाजपा का युवा मोर्चा उन्हें सही दिशा देने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर युवाओं को जोड़ें, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं और संगठन की विचारधारा को मजबूती के साथ आगे बढ़ाएं।
लव शर्मा ने यह भी कहा कि टीम वर्क, अनुशासन और समर्पण के साथ काम करते हुए भाजयुमो हरिद्वार जिले में नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा और आने वाले समय में संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अभिनव चौहान ने कहा कि नवनियुक्त सभी पदाधिकारी पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को लेकर युवाओं के बीच जाएंगे और संगठन विस्तार पर विशेष ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएगा और हरिद्वार में भाजयुमो को नई पहचान दिलाने का प्रयास करेगा।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने नई टीम का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!