
हरिद्वार / लक्सर। शनिवार को भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक सूर्यकान्त सैनी के संयोजन में लक्सर विधानसभा में ‘युवा संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए केंद्र व उत्तराखंड सरकार द्वारा युवाओं के लिए संचालित विभिन्न स्वरोजगार, कौशल विकास एवं स्टार्टअप योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनाना चाहती है। उन्होंने युवाओं से परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य के निर्माण की आधारशिला हैं। युवा संवाद का उद्देश्य युवाओं के विचारों, सुझावों और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है। आज का युवा केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि नवाचार, उद्यमिता, शिक्षा, कौशल विकास, डिजिटल तकनीक, खेल और सामाजिक नेतृत्व जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाना चाहता है। ऐसे में युवा संवाद एक ऐसा सशक्त मंच है, जहाँ युवाओं की आकांक्षाओं को सुनकर उन्हें अवसरों से जोड़ने का कार्य किया जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने करते हुए कहा कि युवाओं के साथ संवाद केवल विचारों का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि उनके सपनों, आकांक्षाओं और सुझावों को समझने का सशक्त माध्यम है। आज का युवा देश और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाना चाहता है। ऐसे में उनके साथ निरंतर संवाद स्थापित करना समय की आवश्यकता है।
प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा दीप कोशियारी ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि युवाओं के विचारों का सम्मान करें, उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें और उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर युवा ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करेंगे।
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान ने कहा कि युवाओं ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।
और मेरा विश्वास है कि प्रत्येक युवा देश के प्रधानमंत्री मोदी के 2047 के विकसित राष्ट्र के संकल्प को आगे बढ़ाने का काम करेगा।
इस अवसर पर मोर्चा प्रभारी व जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, विजय सैनी, अजय गुप्ता, निरंजनपुर मण्डल अध्यक्ष अर्जुन सैनी, लक्सर मण्डल अध्यक्ष शिवाय गुप्ता, एथल मण्डल अध्यक्ष राहुल चौधरी सहित युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं भारी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।
