Home / पुलिस / सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो मामले में तीन इनामी आरोपी सलाखों के पीछे…

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो मामले में तीन इनामी आरोपी सलाखों के पीछे…

हरिद्वार। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर हरिद्वार पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। एसएसपी नवनीत सिंह के स्पष्ट निर्देशों के तहत चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत थाना पथरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इब्राहिमपुर झगड़ा मामले में फरार चल रहे तीन इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों पर एसएसपी द्वारा पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 07 अप्रैल 2026 को थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम इब्राहिमपुर में दो भाइयों के बीच बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में झगड़े में बदल गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में कई संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।
लगातार फरारी के चलते एसएसपी नवनीत सिंह ने तीनों आरोपियों पर ₹5-5 हजार का इनाम घोषित किया था। इसके बाद थाना पथरी पुलिस ने सघन अभियान चलाते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमजद (28 वर्ष), तजमुल (26 वर्ष) और तनवीर (20 वर्ष) पुत्रगण रिफाकत, निवासी ग्राम इब्राहिमपुर, थाना पथरी, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मु.अ.सं. 158/26 के तहत धारा 115(2), 190, 191(2), 191(3), 109, 351(3), 324(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, कांस्टेबल राकेश नेगी, सुशील कुमार, ब्रह्मदत्त जोशी और अजीत तोमर शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले की शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!