Home / पुलिस / पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार ₹5 हजार के इनामी आरोपी को बरेली से किया गिरफ्तार…

पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार ₹5 हजार के इनामी आरोपी को बरेली से किया गिरफ्तार…

हरिद्वार / कलियर। कोतवाली कलियर पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में करीब डेढ़ महीने से फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी आरोपी को उत्तर प्रदेश के बरेली से गिरफ्तार किया है। एसएसपी नवनीत सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹5 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस पीड़िता को पहले ही सकुशल बरामद कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को कलियर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली कलियर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तलाश शुरू की और 12 सितंबर को बरेली से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए लगातार प्रयास किए। एसएसपी नवनीत सिंह ने फरार आरोपी पर ₹5 हजार का इनाम घोषित कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने 27 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के थाना किला क्षेत्र के ग्राम सालेनगर में दबिश देकर इनामी आरोपी आकाश बाजपेयी पुत्र स्वर्गीय श्याम बाजपेयी, निवासी पुराना शहर बुखारपुरा, थाना बारादरी, जिला बरेली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने विवाह करने का झांसा देकर नाबालिग को बहलाया-फुसलाया और अपने साथ ले गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की अन्य धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक ममता मखलौगा (कोतवाली गंगनहर), अपर उपनिरीक्षक रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, कांस्टेबल विक्रम चौहान, कांस्टेबल महिपाल सिंह (सीआईयू टीम रुड़की) और महिला कांस्टेबल मौसम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!