
हरिद्वार। हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। ई-मेल के माध्यम से मिली धमकी के बाद पूरे न्यायालय परिसर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और सिडकुल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान न्यायालय परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की गहन तलाशी ली गई।
सुरक्षा एजेंसियों ने मेटल डिटेक्टर और अन्य तकनीकी उपकरणों की मदद से कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि न्यायालय जैसे संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं और इस तरह की किसी भी धमकी को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जाएगा।
फिलहाल कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ई-मेल के स्रोत की भी जांच कर रही है।
