
हरिद्वार। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण को सुनिश्चित करने के लिए हरिद्वार पुलिस ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क कर फीडबैक लिया। यह पहल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर की गई।
एसएसपी के निर्देशानुसार सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं के निस्तारण की जानकारी ली। इस दौरान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के प्रति शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का भी आकलन किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील भी की। साथ ही उन्हें आश्वस्त किया गया कि उनकी शिकायतों पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार पुलिस ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों के पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जवाबदेह पुलिसिंग और बेहतर जनसेवा के उद्देश्य से लगातार ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
