Home / पुलिस / पुलिस की बड़ी सफलता: ₹84,500 के नकली नोटों के साथ पंजाब के 04 शातिर गिरफ्तार…

पुलिस की बड़ी सफलता: ₹84,500 के नकली नोटों के साथ पंजाब के 04 शातिर गिरफ्तार…

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने जिले में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान नकली नोटों के एक और गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली नगर पुलिस ने पंजाब के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹500 के 169 नकली नोट (कुल ₹84,500) बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं, पुलिस अब नकली नोट उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायर तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान चला रही है।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में अवांछित गतिविधियों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 5/6 जुलाई 2026 की रात कोतवाली नगर पुलिस की टीम मेला अस्पताल क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान चार संदिग्ध व्यक्ति मेला अस्पताल की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उनके हावभाव संदिग्ध लगने पर टॉर्च की रोशनी दिखाकर उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन चारों अचानक वापस मुड़कर तेज कदमों से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर बिल्केश्वर तिराहे से टिबड़ी तिराहे के बीच चारों को दबोच लिया।
तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से ₹500 के 169 नकली नोट बरामद हुए। सभी नोटों की कुल कीमत ₹84,500 है। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा संख्या 274/2026 के तहत धारा 179, 180 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गुरदासपुर (पंजाब) निवासी एक व्यक्ति से मात्र ₹20,000 देकर ₹500 के 200 नकली नोट खरीदे थे, जिनकी कुल कीमत ₹1 लाख थी। उनका उद्देश्य इन नकली नोटों को हरिद्वार और आसपास के बाजारों में असली बताकर चलाना था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि गिरफ्तारी से एक दिन पहले उन्होंने शहर के विभिन्न बाजारों में कुछ नकली नोटों से खरीदारी भी की थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि किन दुकानों और लोगों के पास ये नकली नोट पहुंचे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय एजेंसियों को भी इसकी जानकारी दी गई है। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली नोटों की सप्लाई कहां से हो रही है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। एसएसपी नवनीत सिंह ने मुख्य सप्लायर और पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए विशेष टीम का गठन किया ह।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरजीत सिंह (58 वर्ष), टिंकू (29 वर्ष), सुमित कुमार (20 वर्ष) और संजीव कुमार (47 वर्ष), निवासी गुरदासपुर, पंजाब के रूप में हुई है। चारों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक संजीत कंडारी, उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल, उपनिरीक्षक नवीन नेगी, उपनिरीक्षक नवीन चौहान, उपनिरीक्षक राधाकृष्ण रतूड़ी, कांस्टेबल (नापु) विनोद कुमार, कांस्टेबल सचिन सिंह, कांस्टेबल सचिन पाण्डेय एवं कांस्टेबल नवीन जोशी की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!