
हरिद्वार। हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और दो बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले का एक आरोपी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की रात उपनिरीक्षक खेमेन्द्र सिंह गंगवार और उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान अपनी टीम के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित दुधियाबंद तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रायवाला की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार चेहरे पर गमछा लपेटे दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिस पार्टी बाल-बाल बची। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। उसे उपचार के लिए सिविल मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय जिशान पुत्र राशिद निवासी जिगर कॉलोनी, नेहटौर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, वह और उसका साथी नगर कोतवाली में दर्ज अज्ञात महिला की हत्या के मामले में वांछित थे। 28 जून 2026 को एक महिला का शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार से छह पुलिस टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों से पता चला कि घटना वाले दिन दो युवक एक महिला को चंडी चौक के पास से पैदल गंगा घाट की ओर ले जाते हुए दिखाई दिए थे।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह और उसका साथी 28 जून की सुबह हर की पैड़ी के पास महिला को बहला-फुसलाकर चंडी चौक के समीप गंगा घाट की झाड़ियों में ले गए थे। आरोपी के अनुसार, वहां महिला की सहमति से शारीरिक संबंध बनाए गए। बाद में महिला ने पैसे मांगे और पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी, जिससे गुस्से में आकर दोनों ने कथित तौर पर चुन्नी से उसका गला घोंट दिया और चेहरे पर मुक्का मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद महिला के मोबाइल फोन से सिम निकालकर नदी में फेंक दिया और मोबाइल अपने साथ ले गए।
इस मामले में पुलिस ने मु.अ.सं. 336/2026 में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा मु.अ.सं. 337/2026 में धारा 109(1) BNS एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक खेमेन्द्र सिंह गंगवार, उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान, कांस्टेबल बृजमोहन रावत, कांस्टेबल लखन सिंह चौहान, कांस्टेबल विनोद रावत और कांस्टेबल सचिन सिंह शामिल रहे।
