Home / पुलिस / 11 माह की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार…

11 माह की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार…

हरिद्वार। हरिद्वार में 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर को जिला अस्पताल हरिद्वार से कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली कि एक 11 माह की बच्ची को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है। अस्पताल पहुंची पुलिस टीम को परिजनों और चिकित्सकों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की जानकारी दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में पीड़िता के समुचित उपचार और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर 16 नवंबर को कोतवाली नगर हरिद्वार में आरोपी सौरभ कुमार के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिता शर्मा को सौंपी गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में कार्रवाई करते हुए उसे हरिद्वार के बाल्मीकि चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सौरभ कुमार पुत्र राजेंद्र दास निवासी पंचरुखी, थाना शाहकुंड, जिला भागलपुर, बिहार, उम्र 18 वर्ष, पिछले करीब 15 दिनों से सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र स्थित विकास इंडस्ट्री पाइप फैक्ट्री में काम कर रहा था। वह फैक्ट्री परिसर में ही पीड़िता के परिवार के साथ रहता था। आरोप है कि 15 नवंबर की शाम बच्ची की मां ने उसे आरोपी के पास छोड़ा था। इसी दौरान आरोपी बच्ची को फैक्ट्री परिसर में एकांत स्थान पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित बच्ची का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। साथ ही एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंद किशोर गावड़ी, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक अनिता शर्मा, उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार, उपनिरीक्षक नवीन नेगी तथा हेड कांस्टेबल संजीव राणा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!