दुकानों पर छापामारी व सामान जब्त करने को लेकर एआरटीओ से मिले व्यापारी…

हरिद्वार। प्रतिबंधित ऑटो पार्टस की बिक्री पर परिवहन विभाग द्वारा दुकानों पर छापेमारी कर सामान जब्त करने को लेकर बुधवार को प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष डॉ.विशाल गर्ग के नेतृत्व में व्यापारियों ने एआरटीओ निखिल शर्मा से वार्ता की। इस दौरान अवधूत मंडल व्यापार मंडल के व्यापारी भी शामिल रहे।
वार्ता के दौरान प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष डॉ.विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारी मोटर व्हीकल एक्ट की जानकारी नहीं रखते हैं। व्यापारियों को इस बात की जानकारी नहीं है कि एक्ट के अनुसार किन पार्टस को प्रतिबंधित किया गया है। इसलिए दुकानों पर छापेमारी और सामान जब्त करने से पूर्व व्यापारियों को जागरूक किया जाना चाहिए था। एकतरफा छापेमारी जैसी कार्रवाई से व्यापारियों में नाराजगी है। डॉ.विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारी हमेशा ही प्रशासन का सहयोग करते हैं। विभागीय अधिकारियों को व्यापारियों से बातचीत कर कुछ समय देना चाहिए था। जो सामान प्रतिबंधित है। व्यापारी उसकी बिक्री नहीं करेंगे। लेकिन व्यापारियों का नुकसान भी नहीं होना चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार कश्यप, प्रदेश सचिव मयंक मूर्ति भट्ट, शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने भी एआरटीओ निखिल शर्मा को व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया एवं विभाग के अधिकारियों को पूर्ण सहयोग देने की बात रखी। वार्ता के दौरान एआरटीओ निखिल शर्मा ने कहा कि जल्द ही कार्यशाला का आयोजन कर मोटर व्हीकल एक्ट की जानकारी व्यापारियों को दी जाएगी और प्रतिबंधित सामान की बिक्री को लेकर जागरूक किया जाएगा। जिससे भविष्य में किसी प्रकार का विरोधाभास उत्पन्न ना हो। वार्ता के उपरांत विभाग द्वारा व्यापारियों से जब्त किया गया सामान कर वापस कर दिया गया और मोटर व्हीकल एक्ट के अनुसार ही बिक्री करने के निर्देश दिए। इस दौरान योगेश भारद्वाज, रविकांत शर्मा, मनीष सेठी, अंकित सेठी, धीरेंद्र गुप्ता, सतीशचंद्र शर्मा आदि व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!