Home / मुख्य ख़बर / चारधाम यात्रा से पहले सख्ती: हरिद्वार में खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रशासन का शिकंजा, कई स्थानों पर छापेमारी…

चारधाम यात्रा से पहले सख्ती: हरिद्वार में खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रशासन का शिकंजा, कई स्थानों पर छापेमारी…

हरिद्वार। चारधाम यात्रा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपदभर में होटल, ढाबों, दुकानों और रेस्टोरेंट्स में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट या ओवर रेटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने चारधाम यात्रा और बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
सहायक आयुक्त/जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा द्वारा ज्वालापुर क्षेत्र के न्यू धीरवाली स्थित एक बेकरी निर्माण इकाई से बिस्किट का नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं, भूपतवाला स्थित एक होटल से संदेह के आधार पर खुला पनीर का नमूना भी संग्रहित किया गया।
इसके अलावा कनखल क्षेत्र में एक फुटकर विक्रेता के यहां कालातीत (एक्सपायरी) शीतल पेय बेचने की शिकायत पर औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दुकान में करीब 50-60 बोतलें विभिन्न एक्सपायरी शीतल पेय की पाई गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान स्वामी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!