
हरिद्वार। जनपद प्रभारी/पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बुधवार को ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण कर चारधाम यात्रा पर आ रहे तीर्थ यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा किए जा रहे पंजीकरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने संबंधित आधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि तीर्थ यात्रियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो, इसमें किसी भी प्रकार से कोई लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए तथा यात्री पंजीकरण केंद्र में सभी कर्मचारी तीर्थयात्रियों से सौम्य व्यवहार रखे तथा अतिथि देवो: भव: परम्परा के तहत उनका स्वागत करें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित यात्रा संचालित करने के लिए दृढ़ संकल्पित है तथा इसके लिए सभी प्रबन्धन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर्ष का विषय है कि चारधाम यात्रा पर आने वाले चार लाख सात हजार नौ सौ इकसठ (4 07961) तीर्थयात्रियों ने चारधाम के दर्शन कर लिए है, जिसमें यमनोत्री धाम में सत्तानवे हजार सात सौ चार (57704), गंगोत्री धाम में सत्तावन हजार आठ सौ त्रेसठ (57863), केदारनाथ धाम में दो लाख सात हजार चार सौ बावन (207452), बद्रीनाथ धाम में चौरासी हजार नौ सौ बयालीस
(84942) तीर्थयात्रियों ने दर्शन कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक चौबीस लाख अड़सठ हजार एक सौ बत्तीस (2,46,8132) तीर्थयात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीकरण कराय जा चुका है। उन्होंने कहा कि आ रहे तीर्थयात्रियों की यात्रा मंगलमय हो तथा उनकी मनोकामना पूर्ण हो।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, जिला अध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
